अहेवाल : दिलीप पटेल
साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या रजनीकांत के घर में बीते दिनों गहने चोरी होने का मामला सामने आया था। चोरी के बाद से चेन्नई पुलिस जांच में जुटी थी, जिसके बाद इस मामले में एक नया अपडेट सामने आया है। चोरी के मामले में ऐश्वर्या रजनीकांन ने एफआईआर दर्ज करवाई थी। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि सोने और डायमंड की ज्वेलरी गायब हुई है। साथ ही घर के कुछ और गहने भी चोरी हुए हैं। इस मामले में उन्हें अपने घर के नौकरों पर शक था, जिसके बाद गहने चोरी मामले में चेन्नई पुलिस ने ऐश्वर्या के घर पर काम करने वाली नौकरानी ईश्वरी और उनके ड्राइवर वेंकटेसन को गिरफ्तार किया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। उन्होंने घर के सभी नौकरों से पूछताछ की थी। जांच के दौरान नौकरानी ईश्वरी ने गहने चोरी करने की बात को कबूल किया था कि उसने ही घर से गहने चोरी किए थे, जिसमें से सोने के गहनों के अलावा 30 ग्राम डायमंड की ज्वेलरी भी थी और 4 किलो की चांदी थी। ईश्वरी से पूछताछ में पाया गया कि घर का ड्राइवर वेंकटेसन भी इसमें शामिल था, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार किया था।
ऐश्वर्या की नौकरानी ईश्वरी बीते 18 वर्षों से उनके घर पर काम कर रही थी, जिसके चलते उसे घर के कोने कोने के बारे में पूरी जानकारी थी। साथ ही उसे लॉकर की चाबियों और गहनों के बारे में भी जानकारी थी। ईश्वरी ने बताया कि उसने वह गहने चोरी के बाद बेच दिए थे और उससे एक घर खरीद लिया था। पुलिस का कहना है कि लॉकर से गहने एक-एक करके चोरी किए गए हैं। आपको बता दें कि ऐश्वर्या रजनीकांत फिल्म लाल सलाम की तैयारी में जुटी हुई हैं। वह इस फिल्म के जरिए निर्देशन में वापसी करने जा रही हैं। उनकी इस फिल्म में विष्णु विशाल और विक्रांत मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं। फिल्म में ऐश्वर्या के पिता रजनीकांत भी नजर आने वाले हैं।